श्रावस्ती| यूपी के श्रावस्ती जिले में रेप के आरोपी ने पुलिस को उस वक्त चौंका दिया, जब बरामदगी के दौरान आरोपी ने दरोगा की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी भिनगा में भर्ती कराया गया है। मामला भिनगा कोतवाली क्षेत्र का है।
दरअसल, चार दिन पहले भिनगा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दस साल की बच्ची के साथ एक युवक ने रेप की वारदात को अंजाम दिया था। मामले की शिकायत के बाद पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही थी। जिसके बाद पुलिस व एसओजी टीम ने रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम रेप की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के साथ उसकी निशानदेही पर वारदात से जुड़े कपड़े बरामद करने पहुंची।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर दरोगा की पिस्टल छीन ली। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर तत्काल इलाज के लिए सीएचसी भिनगा पहुंचाया। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।
वहीं, घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









Users Today : 4