श्रावस्ती। यूपी के श्रावस्ती जिले में पुलिस और एसओजी टीम को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा, लाखों रुपये की नकदी, नेपाली पासपोर्ट और नेपाली करेंसी बरामद की है।
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भवनियापुर गांव में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 2 किलो 365 ग्राम अवैध गांजा, गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाले 4 डिब्बे कोगो चिलम, 23 खुले हुए कोगो चिलम तथा गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े 19 लाख 82 हजार 645 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पास से नेपाली पासपोर्ट और कुछ नेपाली करेंसी भी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस मामले के अंतरराष्ट्रीय और अन्य संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी और गांजे का नेटवर्क कितना बड़ा है तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।









Users Today : 0