Home » क्राइम » पुलिस मुठभेड़ में 2 इनामी बदमाश गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में 2 इनामी बदमाश गिरफ्तार

News Portal Development Companies In India

श्रावस्ती। खबर यूपी के श्रावस्ती जिले से है, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी वांछित बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग से बचाव के दौरान एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए।

दरअसल, भिनगा कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम की अंटा तिराहे के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिस टीम पर करीब छह राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गिरीश बहेलिया के पैर में गोली लगी। वहीं उसके साथी शिव कुमार जायसवाल को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग से बचाव करते समय एक उपनिरीक्षक के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, नगदी और मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है। घायल बदमाश गिरीश बहेलिया को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरीश बहेलिया के खिलाफ 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शिव कुमार जायसवाल पर भी 23 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

ये दोनों आरोपी नकबजनी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई अन्य मामलों में वांछित चल रहे थे। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के नेटवर्क और उनके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

 

Leave a Comment