Home » क्राइम » कनिष्ठ लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार

कनिष्ठ लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार

News Portal Development Companies In India

श्रावस्ती। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास भवन स्थित कृषि विभाग कार्यालय में तैनात कनिष्ठ लिपिक को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को विकास भवन स्थित कृषि विभाग कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान बीज पटल का कार्य देख रहे कनिष्ठ लिपिक युगल किशोर अवस्थी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि शिकायतकर्ता से बीज की दुकान का लाइसेंस बनवाने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत की पुष्टि होने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ भिनगा कोतवाली ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।

गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी कृषि विभाग में तैनात एक अन्य कर्मचारी को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। लगातार दूसरी बार हुई इस कार्रवाई से कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, एंटी करप्शन की इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में भी हड़कंप का माहौल है।

Leave a Comment