श्रावस्ती (भिनगा)। भिनगा नगर के कोट रियासत मोहल्ले में किडजी प्री-नर्सरी स्कूल का भव्य शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी, विचारक एवं मोटिवेटर प्रांत प्रचारक कौशल जी के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षाविद एवं प्राचार्य दिनेश प्रताप सिंह, योगेश प्रताप सिंह तथा डॉ. अनूप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। विद्यालय के डायरेक्टर मणि प्रताप सिंह एवं प्रिंसिपल मधुयामिनी सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी।
विद्यालय में राष्ट्रीय स्तर के प्री-स्कूल मानकों के अनुरूप वातानुकूलित कक्षाएं, शुद्ध पेयजल, खेलकूद की गतिविधियां, बच्चों के लिए आकर्षक झूले, फायर सेफ्टी व्यवस्था तथा प्रशिक्षित एवं बी.एड. योग्य शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालय परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस है, जिससे अभिभावक इंटरनेट के माध्यम से अपने बच्चों की गतिविधियों पर घर बैठे भी नजर रख सकेंगे।
मुख्य अतिथि प्रान्त प्रचारक कौशल जी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है। उन्होंने शिक्षा को समाज और परिवार से जोड़ते हुए रोजगारोन्मुख बनाने पर बल दिया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से भिनगा और श्रावस्ती को प्रदेश में नई पहचान दिलाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार, अनुपम जी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमन सिंह, सुभाष सत्या, अभिभावक गण, छात्र-छात्राएं, अधिवक्ता गण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।









Users Today : 2