श्रावस्ती। इकौना थाना क्षेत्र के महजिदिया गांव के पास एक खेत में शीशम के पेड़ से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार महजिदिया गांव निवासी कैलाश सिंह के खेत में लगे शीशम के पेड़ पर एक युवक का शव लटका मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। सूचना के बाद क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।
मृतक की पहचान बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के परसिया पंडित गांव निवासी धर्मेन्द्र तिवारी (पुत्र राजेश तिवारी) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









Users Today : 1