श्रावस्ती। भिनगा नगर व इकौना में गणेश विसर्जन यात्रा धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। गणपति बप्पा की प्रतिमा को शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण कराया गया। ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों की गूंज के बीच श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती और पुष्पवर्षा कर गणपति बप्पा का स्वागत किया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंग-बिरंगे परिधानों में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
गणपति बप्पा की झांकी में आकर्षक सजावट ने लोगों का मन मोह लिया। डीजे की धुनों पर श्रद्धालु झूमते और नाचते हुए चल रहे थे। महिलाएं भी थाल लेकर आरती उतारती नजर आईं। श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी उमड़ी कि नगर की गलियां गणपति बप्पा मोरिया और मंगलमूर्ति मोरया के जयकारों से गुंजायमान हो उठीं। यात्रा की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस बल लगातार शोभायात्रा के साथ मौजूद रहा। डीएम अजय कुमार द्विवेदी और एसपी राहुल भाटी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा से सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना करते हुए नाच-गाकर उन्हें विदाई दी।
डीएम और एसपी ने अधिकारियों संग राप्ती नदी स्थित भाकला पुल एवं इकौना बाजार में बने विसर्जन स्थल का दौरा किया। डीएम ने निर्देश दिए कि विसर्जन स्थल व आसपास के मार्गों पर समुचित साफ-सफाई कराई जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों व मेडिकल टीम की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए।