श्रावस्ती। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में एक अनूठी पहल की गई। जिले की मेधावी छात्राओं को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से अवगत कराने और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से राजकीय बालिका इंटर कालेज भिनगा की कक्षा-12 की छात्रा अंकिता यादव को एक दिन का जिलाधिकारी (डीएम) बनाया गया।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने अंकिता यादव को कलेक्ट्रेट में “एक दिन का डीएम” घोषित किया। इस दौरान अंकिता यादव ने डीएम की तरह डाक फाइलों पर हस्ताक्षर किए और जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों से समस्याओं के समाधान की कार्यवाही कराने के निर्देश भी दिए।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं का सशक्तीकरण है। इसी क्रम में छात्राओं को उच्च प्रशासनिक पदों पर आसीन कर उनके मनोबल को बढ़ाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल छात्राओं को प्रेरणा देगी ताकि वे भी भविष्य में उच्च पदों तक पहुंचने का सपना देखें और उसे साकार कर सकें।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि नारी के सम्मान से ही देश का गौरव बढ़ता है। समाज में लड़का और लड़की के बीच जो असमानता की भावना है, उसे खत्म करना जरूरी है। बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं, बशर्ते उन्हें समान अवसर और शिक्षा मिले।
मिशन शक्ति अभियान के तहत यह संदेश दिया गया कि बेटियों को बिना भेदभाव के आगे बढ़ाना होगा ताकि वे आने वाले समय में न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ा सकें।