श्रावस्ती। इकौना में भगौती प्रसाद मिश्रा मेमोरियल सेवा अस्पताल द्वारा एक मेगा स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया गया। इस शिविर में भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) श्रावस्ती अशोक कुमार सिंह ने शिरकत की।
स्वास्थ्य कैम्प के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत इलाज करा चुके मरीजों को सम्मानित किया गया। साथ ही योजना के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया। विधायक राम फेरन पांडेय एवं सीएमओ ने स्वयं लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। इस दौरान करीब 360 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया।
इस अवसर पर विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के हर गरीब को निःशुल्क एवं बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आयुष्मान भारत योजना इसका जीवंत उदाहरण है, जिससे लाखों गरीब परिवारों को लाभ मिल रहा है।
वहीं सीएमओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कुल 5 लाख 39 हजार लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक लगभग 3 लाख 50 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष पात्र लोगों के कार्ड जल्द बनवाने के लिए अभियान जारी है।
पत्रकारों से बात करते हुए भगौती प्रसाद मिश्रा मेमोरियल सेवा अस्पताल के संचालक डॉ. रमेश मिश्रा ने कहा कि सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। इस मेगा स्वास्थ्य कैम्प के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए हैं और योजना के तहत इलाज करा चुके मरीजों को सम्मानित किया गया है। हर गरीब को बेहतर इलाज मिल सके इसके लिए अस्पताल का यह सेवा भाव आगे भी निरंतर जारी रहेगा।









Users Today : 1