श्रावस्ती। परीक्षा देकर घर लौट रहे एक छात्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। छात्र बाइक से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई, जिससे उसकी जान चली गई।
इकौना क्षेत्र के झंझार गांव निवासी नौमान खान (19) पुत्र रफीक खान शुक्रवार को परीक्षा केंद्र जेपी आदर्श इंटर कॉलेज कैलाशपुर में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने बाइक से गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। नेशनल हाईवे 730 पर इकौना बाईपास स्थित जनता धर्मकांटा के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में नौमान गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी इकौना भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि नौमान चौधरी राम बिहारी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था और उसका परीक्षा केंद्र जेपी आदर्श इंटर कॉलेज में निर्धारित किया गया था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।








Users Today : 1