श्रावस्ती। हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के मुलायमपुरवा गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव निवासी रुखसार (25) का निकाह दो वर्ष पूर्व हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पटपरगंज के मुलायमपुरवा निवासी नफीश के साथ हुआ था। रुखसार नफीश की दूसरी पत्नी थी। बताया जा रहा है कि पांच दिन पूर्व नफीश अपनी पहली पत्नी के साथ रोज़गार के सिलसिले में मुंबई गया था। इस दौरान रुखसार और नफीश के बीच फोन पर विवाद होने की बात सामने आई है।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे रुखसार अपनी एक वर्षीय पुत्री को अपनी सगी बहन नसरीन व शाहीन के घर छोड़कर वापस अपने घर आ गई थी। दोपहर लगभग एक बजे शाहीन की सास बच्ची को लेकर जब रुखसार के घर पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोसियों की मदद से छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचा गया, जहां कमरे में दोछत्ती के कुंडे से दुपट्टे के सहारे रुखसार का शव लटका मिला।
घटना की सूचना मृतका के ससुर पुत्तन ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ उप निरीक्षक राज किशोर वर्मा ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार अम्बरीश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।








Users Today : 2